Skip to content
Unnoticedlives.
कहानियों पर वापस जाएँ

नाकामी

तारीख़ पर तारीख़

Read in English:Read in English →

अरुण के साथ अन्याय हुआ था, और वह इस बात में सही था। पर उसने अपने ग़ुस्से का इस्तेमाल ग़लत जगह किया, और साढ़े तीन साल की तारीख़ों ने उससे वह सब वसूल लिया जो उसने कभी गिना ही नहीं था।

Unnoticed Lives Editorial · October 31, 2026 · 7 मिनट का समय

वास्तविक कहानी, बदले हुए नाम

समय पारस के पत्थर जैसा होता है। जैसे पारस किसी भी चीज़ को सोना बना देता है, वैसे ही समय भी किसी भी इंसान को सोना बना सकता है। पर यह दोधारी तलवार है। इसकी क़ीमत समझ लो तो सोना बन जाओ, इससे खिलवाड़ करो तो यह फ़क़ीर बना देता है।

आज की कहानी उस इंसान की है जो कभी समय की क़ीमत समझा ही नहीं, और आज समय उसे उसकी ग़लती का एहसास करा रहा है।

आँगन के हिस्से

उसका नाम अरुण है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के एक गाँव में उसका परिवार रहता था। उसके पिता चार भाइयों में सबसे छोटे थे। दादा-परदादा ने काफ़ी संपत्ति खड़ी की थी: कई एकड़ ज़मीन, जिस पर आँवला, गन्ना और सब्ज़ियों की खेती होती थी।

संयुक्त परिवार था, इसलिए खेती से आने वाला सारा पैसा सबसे बड़े भाई के पास जाता था। जिसको जितनी ज़रूरत होती, वे उतना दे देते। जब तक दादाजी ज़िंदा थे, सब कुछ ठीक चला। उनके जाने के बाद छोटी-छोटी बातों पर भी चारों भाइयों में झगड़े शुरू हो गए। अरुण के पिता सबसे छोटे थे, और भाइयों के सामने कुछ बोल नहीं पाते थे। अरुण यह सब होते हुए देखता हुआ बड़ा हो रहा था।

बैंगलोर

अरुण ने इंटरमीडिएट पूरा किया, फिर बीएससी की। जल्दी ही उसे समझ आ गया कि सिर्फ़ बीएससी से वह कुछ नहीं कर पाएगा, तो उसने एमबीए करने का सोचा। उसके बड़े भाई बैंगलोर में नौकरी कर रहे थे। घर के हालात देखकर माँ ने कहा, "बेटा, तुम भाई के पास चले जाओ और वहीं से आगे की पढ़ाई पूरी कर लो।"

अरुण बैंगलोर आ गया। दोनों भाइयों में बहुत प्यार था। उसने एक अच्छा-सा कॉलेज ढूँढकर दाख़िला ले लिया। भाई की शादी हो चुकी थी और उनकी एक बेटी भी थी। छोटे-से घर में सब हँसी-ख़ुशी रहने लगे। गाँव में सब कुछ वैसा ही चल रहा था जैसा दोनों भाई छोड़कर गए थे। सारा पैसा बड़े पापा के पास जाता रहा, और वे अपने बेटों के लिए संपत्ति खड़ी करते रहे।

जैसे ही अरुण को यह पता चला, उसके सब्र का बाँध टूट गया। कोई कब तक अपने साथ हो रहे अन्याय को सहता रहेगा?

कचहरी

उसने छुट्टी ली और गाँव आ गया। माँ और पिताजी से मिला। किसी को अंदाज़ा नहीं था कि इस बार उसके आने का मक़सद कुछ और है।

अगले ही दिन वह कचहरी गया। वहाँ पता चला कि सारे आधिकारिक काग़ज़ों से उसका नाम हटवा दिया गया है। उसके पैरों के नीचे से ज़मीन खिसक गई। वह मन ही मन सोचता रहा कि उसने और उसके माँ-बाप ने ऐसी क्या ग़लती की थी कि बड़े पापा उनके साथ ऐसा करें।

घर लौटा तो एक बात और पता चली। बड़े पापा ने अपने बेटों के नाम पर एक दुकान खुलवा दी थी। यह आग में घी डालने जैसा था। ग़ुस्से में वह पहले से था, पर अब उसे जवाब चाहिए था।

उसने सबके सामने सारी बात रख दी। जवाब में उसके चचेरे भाई उसी को झूठा और ग़लत कहने लगे। बात बहस से आगे बढ़ी और हाथापाई में बदल गई। कुछ चोटें अरुण को लगीं, कुछ चचेरे भाइयों को।

माँ ने यह सब देखा और उसे वापस बैंगलोर जाने को कह दिया। वह बेचारा करता भी क्या? वह सही था, उसके साथ अन्याय हो रहा था, पर उसके साथ कोई खड़ा नहीं था। वह बैंगलोर लौट आया।

साल जो गुज़र गए

उसने पढ़ाई पूरी की और वहीं एक कॉल सेंटर में नौकरी करने लगा। कमाई इतनी थी कि अपना ख़र्च चल जाए। कुछ महीने बीते, फिर कुछ साल। उसे समझ आने लगा कि इस नौकरी से उसका कुछ नहीं होने वाला, तो उसने दूसरी कंपनी में नौकरी कर ली।

फिर अचानक माँ की तबीयत बिगड़ गई और उसे गाँव लौटना पड़ा। गाँव जाते समय उसे नहीं पता था कि उसकी ज़िंदगी अब बदलने वाली है।

वह घर पहुँचा, सबसे मिला और माँ की देखभाल में लग गया। ग़ुस्सा अब भी उसके भीतर था। जैसे ही उसकी नज़र बड़े पापा से मिली, वह बाहर आने को तड़प उठा। पर माँ बीमार थीं, इसलिए वह कुछ बोल नहीं पाया।

कुछ दिन बाद माँ की तबीयत सुधरने लगी। एक दिन उसके चचेरे भाई ने ताना मारा, "वापस भागकर बैंगलोर कब जा रहा है?"

यह बात उसे बुरी तरह चुभ गई। उसने चचेरे भाई के साथ मारपीट कर ली।

तारीख़ पर तारीख़

घर का माहौल बिगड़ गया। उससे भी ज़्यादा तब, जब बड़े पापा ने उस पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज करवा दिया।

अब अरुण को समझ नहीं आ रहा था कि वह क्या करे। हर हफ़्ते वह हाई कोर्ट के वकील के पास जाता और कहता कि केस जल्दी ख़त्म करवा दीजिए। वकील के कमरे में फ़ाइलों के ढेर लगे रहते। हर बार वही जवाब मिलता: "अगली तारीख़ पर देखते हैं।" पर चाहने से क्या होता है?

केस को पूरी तरह ख़त्म होने में साढ़े तीन साल लग गए।

इन साढ़े तीन सालों में बहुत कुछ ख़त्म हो गया। नौकरी तो बहुत पहले ही छूट चुकी थी। जितने पैसे उसने बचाए थे, सब लग गए। ऊपर से कर्ज़ और चढ़ गया।

नोएडा

केस ख़त्म होने के बाद अरुण नोएडा आ गया। तीन महीने तक वह नौकरी ढूँढता रहा। कहीं कहा जाता कि आपका अनुभव ज़्यादा है, कहीं उम्र ज़्यादा बताकर मना कर दिया जाता।

आज अरुण अड़तीस साल का है। उसकी शादी नहीं हुई है। वह एक कंपनी में पैंतीस हज़ार रुपये महीने की नौकरी करता है, और उसकी कमाई का बड़ा हिस्सा उन क़र्ज़ों को चुकाने में जाता है जो उसने अपने केस के लिए लिए थे।

कहते हैं, समय हमसे कुछ छीनता नहीं। हम ख़ुद उसे किसी और को सौंप देते हैं: ग़ुस्से को, ज़िद को, एक के बाद एक तारीख़ को।

अरुण इस बात में सही था कि उसके साथ अन्याय हुआ था। पर उसने अपने ग़ुस्से को ग़लत जगह इस्तेमाल किया, और उसके बाद हर तारीख़ ने उससे वही क़ीमत वसूली जिसे उसने कभी गिना ही नहीं था।

फिर भी समय उसे आज भी रोज़ एक तारीख़ देता है। फ़र्क़ बस इतना है कि अब वह किसी अदालत की नहीं, सिर्फ़ आज की तारीख़ है।

एक और कहानी पढ़ें

नाकामी · 9 मिनट

सौ में सत्रह

वास्तविक कहानी, बदले हुए नाम

शिक्षक को भगवान का रूप माना जाता है। पर जब नंबर देने की ताक़त रखने वाला शिक्षक उसी ताक़त से एक बच्ची को डराने लगे, और स्कूल उसे सबसे अच्छा टीचर कहकर बचा ले, तब क्या होता है? एक सच्ची घटना, जिसमें नाम बदले गए हैं। सूचना: इस कहानी में एक बच्ची के साथ शिक्षक द्वारा किए गए उत्पीड़न का ज़िक्र है।

Read in English →

आपकी कहानी भी यहाँ हो सकती है

किसी को यह जानने की ज़रूरत हो सकती है कि वह अकेला नहीं है।

अपना अनुभव अपने शब्दों में साझा करें। आप चाहें तो अपना नाम गुप्त रख सकते हैं।

अपनी कहानी बताएँ

कहानियों से जुड़े रहें

एक नई कहानी, सीधे आपके inbox में।

हर मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को अपने inbox में एक नई कहानी पाएँ।

अगर यह कहानी आपके साथ रह गई

यह कहानी साझा करें:

लेखक को एक निजी संदेश भेजें

आपका संदेश निजी रहेगा और सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं देगा।