सपने
जो गाने वह सिर्फ़ अकेले में गाता है
अविनाश हर नया गाना एक-एक लाइन करके पन्ने पर उतारता था। फिर लोगों ने उसकी आवाज़ पर इतना हँसा कि आज वह गाने सिर्फ़ अकेले में गुनगुनाता है। सच्ची कहानी, और एक सवाल: क्या गाने का हक़ सिर्फ़ अच्छे गले वालों को है?
वास्तविक कहानी, बदले हुए नाम
जब कोई इंसान किसी चीज़ को पहली बार किसी के सामने करता है, तो सामने वाले की प्रतिक्रिया बहुत हद तक तय कर देती है कि वह उसे दोबारा करेगा या नहीं, और अगर करेगा तो भरोसे के साथ करेगा या नहीं। सामने वाले पर कितनी बड़ी ज़िम्मेदारी है, यह उसे ख़ुद नहीं पता होता, और अक्सर वह अनजाने में किसी के शौक़ को ख़त्म करने की वजह बन जाता है।
आज की कहानी सच्ची है, और इसी बारे में है: कैसे किसी इंसान के भीतर किसी चीज़ का डर बैठ जाता है, जिसका सामना उसे हर दिन करना पड़ता है।
यह कहानी है अविनाश की, जो उत्तर प्रदेश के एक शहर में रहता है।
एक पन्ना, एक गाना
अविनाश बचपन से ही काफ़ी होशियार था। शुरू के पाँच साल उसकी पढ़ाई हिंदी माध्यम से हुई। तीसरी की परीक्षा देने के बाद उसका स्कूल अंग्रेज़ी माध्यम का हो गया, और उसे फिर से तीसरी में दाख़िला लेना पड़ा।
उसे गाने सुनना और गुनगुनाना बहुत पसंद था। पर वह किसी के सामने नहीं गाता था।
जैसे ही कोई नया गाना आता, वह उसे एक पन्ने पर उतार लेता। यह उतना आसान नहीं था जितना सुनने में लगता है। वह गाना चलाता, बीच में रोकता, एक लाइन लिखता, फिर आगे चलाता। फिर उस लाइन को रट लेता। यह तब तक चलता रहता जब तक पूरा गाना याद न हो जाए।
यह उस ज़माने की बात है जब कीबोर्ड वाले फ़ोन होते थे। पहले डेटा का रिचार्ज कराओ, तब इस्तेमाल करो। एक बार एक दोस्त ने उससे किसी गाने के बोल माँगे। वह स्कूल से घर आया, कपड़े बदले, खाना खाया, और उसी काम में लग गया। अरिजीत सिंह और हनी सिंह के गाने उसे सबसे ज़्यादा पसंद थे। जैसे ही कोई किसी गाने का नाम लेता, वह बाक़ी सारे काम छोड़कर उसी में लग जाता।
"चुप हो जाओ"
कभी वह घरवालों के सामने गुनगुना देता, तो जवाब आता, "चुप हो जाओ, ऐसा लग रहा है जैसे कोई गाय चिल्ला रही हो।" उसे लगता कि घरवाले उसे चिढ़ा रहे हैं। दोस्तों के सामने गाता, तो वे कुछ नहीं कहते।
आठवीं का एक दिन
जब वह आठवीं में था, उसके स्कूल में हिंदी के एक टीचर थे जिन्हें वह बहुत मानता था। एक दिन उन्हें स्कूल छोड़ना पड़ा। विदाई के दिन उन्होंने अविनाश से कहा, "तुम गाना गाओ, मैं रिकॉर्ड करूँगा और अपने साथ ले जाऊँगा।"
उसने हनी सिंह के रैप गाए। उस दिन वह बहुत ख़ुश था। शायद वह पहली बार था जब किसी ने उससे कहा था कि गाओ।
बदली हुई आवाज़
पर जैसे-जैसे वह बड़ा होता गया, उसकी आवाज़ बदलती गई, और उसे लगने लगा कि वह अब पहले जैसी नहीं रही। थोड़ा और बड़ा होने के बाद उसने एक बार फिर किसी के सामने गाने की कोशिश की। सामने वाले हँसने लगे। किसी ने कहा, "चुप हो जा, मेरा कान फट जाएगा।"
उसके बाद उसने कोशिश नहीं की।
आज
आज भी वह गाने सुनता है। पर सबके सामने नहीं गाता। बस अकेले में उन्हें लिखता है, और गुनगुनाता है।
एक सवाल
कभी-कभी हम सामने वाले के मन में ऐसा डर बिठा देते हैं कि या तो वह उसमें से निकल ही नहीं पाता, या निकलने में उसका बहुत वक़्त चला जाता है। और कभी-कभी वह डर जाता ही नहीं।
इसकी गहराई में जाएँ तो एक सवाल निकलता है: क्या गाने का हक़ सिर्फ़ उन्हीं को है जिनका गला अच्छा है? अगर किसी का गला अच्छा नहीं है, पर उसे गाना अच्छा लगता है, तो क्या हम उसे हौसला नहीं दे सकते? गला अच्छा न होने की बात पर हम उससे गाने का हक़ कैसे छीन सकते हैं?
और उससे भी बड़ा सवाल: क्या कोई भी काम करने का हक़ सिर्फ़ उसी को होना चाहिए जिसे वह बहुत अच्छे से आता हो? कुछ लोगों का जवाब शायद "हाँ" होगा। पर अगर उन्हें उन लोगों की जगह रखा जाए जिनके साथ यह होता है, तो शायद वे अपना जवाब बदल दें।
गाना गाने के लिए गाने का याद होना ज़रूरी है। तस्वीर बनाने के लिए मन में उसकी छवि होना। खाना बनाने के लिए यह पता होना कि क्या बनाना है, और सामग्री का होना। नाचने के लिए उस कला से प्रेम होना। अगर ये चीज़ें किसी के भीतर हैं, तो वह ग़लतियाँ करते-करते सीख लेगा। पर अगर उसके मन को ही मार दिया जाए, यह कहकर कि "तुम इसके लिए बने ही नहीं हो, छोड़ दो", तो वह सीखेगा कैसे? आज वह जैसा करता है, उससे हम पक्के तौर पर नहीं कह सकते कि आगे वह उसमें माहिर नहीं हो सकता। ज़रूरत तो उसे यह बताने की है कि अपनी कमी को कैसे सुधारा जाए, न कि उससे उसका शौक़ ही छीन लेने की।
एक इंसान अच्छे-बुरे, मूर्ख-समझदार, इन सब पैमानों से बहुत ऊपर होता है। इस बात को समझकर सबको संपूर्ण नज़र से देखिए, और ख़ुद को और दूसरों को ख़ुश रखिए।
अगली बार जब कोई पहली बार हमारे सामने गाए, तो हमारी पहली प्रतिक्रिया क्या होगी?
एक और कहानी पढ़ें
सौ में सत्रह
वास्तविक कहानी, बदले हुए नाम
शिक्षक को भगवान का रूप माना जाता है। पर जब नंबर देने की ताक़त रखने वाला शिक्षक उसी ताक़त से एक बच्ची को डराने लगे, और स्कूल उसे सबसे अच्छा टीचर कहकर बचा ले, तब क्या होता है? एक सच्ची घटना, जिसमें नाम बदले गए हैं। सूचना: इस कहानी में एक बच्ची के साथ शिक्षक द्वारा किए गए उत्पीड़न का ज़िक्र है।
Read in English →आपकी कहानी भी यहाँ हो सकती है
किसी को यह जानने की ज़रूरत हो सकती है कि वह अकेला नहीं है।
अपना अनुभव अपने शब्दों में साझा करें। आप चाहें तो अपना नाम गुप्त रख सकते हैं।
अपनी कहानी बताएँकहानियों से जुड़े रहें
एक नई कहानी, सीधे आपके inbox में।
हर मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को अपने inbox में एक नई कहानी पाएँ।
अगर यह कहानी आपके साथ रह गई
यह कहानी साझा करें:
लेखक को एक निजी संदेश भेजें
आपका संदेश निजी रहेगा और सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं देगा।