Skip to content
Unnoticedlives.
कहानियों पर वापस जाएँ

नाकामी

सौ में सत्रह

Read in English:Read in English →

शिक्षक को भगवान का रूप माना जाता है। पर जब नंबर देने की ताक़त रखने वाला शिक्षक उसी ताक़त से एक बच्ची को डराने लगे, और स्कूल उसे सबसे अच्छा टीचर कहकर बचा ले, तब क्या होता है? एक सच्ची घटना, जिसमें नाम बदले गए हैं। सूचना: इस कहानी में एक बच्ची के साथ शिक्षक द्वारा किए गए उत्पीड़न का ज़िक्र है।

Unnoticed Lives Editorial · November 12, 2026 · 9 मिनट का समय

वास्तविक कहानी, बदले हुए नाम

शिक्षक और डॉक्टर को भगवान का रूप माना जाता है। पर क्या होगा जब वही लोग राक्षस बन जाएँ? ये दोनों ही एक अच्छे समाज की नींव होते हैं, और जब नींव ही कमज़ोर हो जाए, तो घर मज़बूत कैसे बनेगा?

आज की कहानी उसी घटना के बारे में है, जब भगवान का रूप माना जाने वाला एक इंसान राक्षस बन गया। यह घटना सच्ची है। एक बच्ची की पहचान की हिफ़ाज़त के लिए इसमें नाम, जगह और कुछ ब्योरे बदल दिए गए हैं।

एक स्कूल, दो किरदार

पूरी घटना एक स्कूल के इर्द-गिर्द घूमती है: एक छोटे शहर का अंग्रेज़ी माध्यम का स्कूल, जो बारहवीं तक है। सुबह की घंटी, प्रार्थना की क़तारें, और गलियारों की वही आवाज़ें जो किसी भी स्कूल में होती हैं। इस कहानी के दो मुख्य किरदार हैं।

पहले किरदार हैं विनय सर, जो सातवीं से बारहवीं तक के बच्चों को गणित पढ़ाते थे। स्कूल में उनकी बड़ी इज़्ज़त थी। प्रबंधन उन पर भरोसा करता था, और बच्चे उनसे थोड़ा डरते भी थे।

दूसरी किरदार है रिया, नौवीं कक्षा की एक छात्रा। वह बहुत ख़ुशमिज़ाज लड़की थी, और उसके दोस्त बहुत थे। पढ़ाई में उसकी कभी ज़्यादा रुचि नहीं रही, और नंबर भी उसी हिसाब से आते थे। बाक़ी विषय वह रटकर पास कर लेती थी, पर एक विषय उसका सिरदर्द बन चुका था: गणित। उसे गणित में सौ में पंद्रह, इक्कीस, बाईस जैसे नंबर मिलते थे। उसे नहीं पता था कि गणित में कमज़ोर होना उसके लिए सिर्फ़ नंबरों का सवाल नहीं रहेगा।

सौ में सत्रह

पहली यूनिट टेस्ट ख़त्म हो चुकी थी। इंतज़ार था तो सिर्फ़ नतीजे का। उस दिन जब भी कोई टीचर क्लास में आता, तो बच्चों की कॉपियाँ साथ लाता, और सबकी नज़र उसी बंडल पर टिक जाती। कुछ के मन में ख़ुशी और उत्साह था, तो कुछ के मन में डर कि कहीं वे फ़ेल न हो जाएँ। रिया के मन में भी डर था।

गणित का घंटा सबसे आख़िरी था। बाक़ी सारे टीचर कॉपियाँ दिखाकर जा चुके थे, और रिया की धड़कन हर घंटे के साथ थोड़ी और तेज़ होती गई थी। विनय सर कॉपियाँ लेकर आए, और आते ही बोले कि इस बार कॉपी देने का तरीक़ा अलग होगा: जिसकी कॉपी होगी, उसका नाम लिया जाएगा और उतनी ही तेज़ आवाज़ में उसके नंबर भी बताए जाएँगे। कुछ बच्चों को इससे कोई फ़र्क़ नहीं पड़ा। कुछ को अपनी बेइज़्ज़ती का डर था। जिनके नंबर तीस से कम थे, उन्हें अपनी सीट के पास खड़े रहने को कहा गया।

एक-एक करके नाम पुकारे जाने लगे। कोई मुस्कुराता हुआ आगे बढ़ता, कोई सिर झुकाए। फिर:

"रिया, सत्रह।"

पूरी क्लास में वह आवाज़ गूँज गई। सर ने कॉपी उसे थमाई और सीट के पास खड़े रहने को कहा। आख़िरी कॉपी बँटने के बाद क्लास में कई बच्चे खड़े थे, एक-दूसरे से नज़रें चुराते हुए। विनय सर ने उनसे कहा, "अब से जब भी कोई घंटा ख़ाली हो, तुम लोग मुझे ढूँढना और अपने डाउट पूछना, ताकि तुम्हारी तैयारी अच्छी हो और अगली बार नंबर बेहतर आएँ।"

सुनने में यह एक अच्छे टीचर की बात थी।

छुट्टी हुई। रिया उदास थी। उस रात उसने गणित की किताब खोली और पहली बार सचमुच समझने की कोशिश की कि उसके नंबर इतने कम क्यों आते हैं। अगले दिन वह उसी मदद की तलाश में निकली जो सर ने ख़ुद दी थी।

कुर्सी

अगले दिन चौथे घंटे के टीचर नहीं आए थे। तो जैसा विनय सर ने कहा था, वे सब बच्चे उन्हें ढूँढने निकल पड़े। वे कंप्यूटर लैब में बैठे थे। बच्चे उनके पास जाकर खड़े हो गए और पढ़ाने को कहा।

सर के बग़ल में एक कुर्सी ख़ाली थी। उन्होंने रिया को उस पर बैठने को कहा, और बाक़ी बच्चों को खड़े होकर देखने को। रिया कॉपी खोलकर बैठ गई। दोनों कुर्सियों के बीच ज़्यादा दूरी नहीं थी। पढ़ाते-पढ़ाते सर ने गणित की किताब अपनी गोद में रखी और अपना घुटना रिया के घुटने से छुआ दिया।

रिया जैसे जम गई। उसकी नज़र कॉपी पर थी, पर उसे कुछ दिख नहीं रहा था। सर की आवाज़ वैसी ही सहज चलती रही: सवाल, फ़ॉर्मूला, अगला क़दम, जैसे कुछ हुआ ही न हो। शायद यही सबसे मुश्किल बात थी। जो हो रहा था, उसे नाम देना भी मुश्किल था।

सारे बच्चे देख रहे थे। किसी ने कुछ नहीं कहा। सर एक घंटे तक वैसे ही बैठे रहे।

बाद में रिया की दोस्तों ने उसे समझाया कि सर क्या करने की कोशिश कर रहे थे। अगले दिन वह उनसे पढ़ने नहीं गई और क्लास में ही बैठी रही। उस दिन कुछ नहीं हुआ।

पर उसके अगले दिन, गणित का घंटा आया तो विनय सर ने क्लास में घुसते ही रिया का नाम लेकर उसे खड़ा कर दिया।

"पिछले पेपर में कितने नंबर आए थे तुम्हारे?"

"सत्रह।"

पूरी क्लास की नज़रें उस पर टिक गईं। सर उस पर चिल्लाए, "फ़ेल होकर तुम बेशर्मों की तरह कल क्लास में क्यों बैठी थीं?"

रिया चुप रही। जवाब उसके पास था, पर वह बोल नहीं सकती थी। उसके मन में एक डर था: अगर बात घर तक पहुँची, तो उसकी पढ़ाई बंद हो जाएगी। उसे लगा कि शायद चुप रहने में ही बचाव है।

अकेले

अगले दिन वह हिम्मत बाँधकर बाक़ी बच्चों के साथ पढ़ने चली गई। शुरू के पचास मिनट कुछ नहीं हुआ। रिया ने राहत की साँस ली। फिर उसने एक सवाल पूछा। विनय सर ने बाक़ी बच्चों की तरफ़ देखकर पूछा कि क्या किसी और को भी इस सवाल में दिक़्क़त है। बाक़ियों को नहीं थी, तो उन्होंने सबको जाने को कह दिया। अब कमरे में विनय सर और रिया ही रह गए।

दस मिनट बाद रिया क्लास में लौट आई, पर उसका चेहरा उतरा हुआ था। उसकी दोस्तों ने पूछा, "आज तो कुछ नहीं हुआ न?" और उसने एक झकझोर देने वाली बात बताई। सर ने उसे अकेले रोककर कहा था कि वह इतनी परेशान क्यों हो रही है, वे उसे पास कर देंगे, वह भी बिना उसके कुछ लिखे। पर एक दिन उसे उनके कमरे पर आना होगा।

दोस्तों के चेहरे ग़ुस्से से लाल हो गए। किसी ने नहीं कहा, "रुको, सोच लेते हैं।" किसी ने नहीं कहा, "वे टीचर हैं।" वे उसी वक़्त रिया को लेकर प्रिंसिपल के कमरे की तरफ़ चल पड़ीं।

प्रिंसिपल का कमरा

प्रिंसिपल की मेज़ के सामने वे सब खड़ी थीं। एक ने बात शुरू की, दूसरी ने पूरी की। रिया ज़्यादातर सिर झुकाए रही। सारी बात सुनने के बाद प्रिंसिपल कुछ पल चुप रहे, फिर बोले, "वे हमारे सबसे अच्छे टीचर हैं। हम उन्हें ऐसे ही नहीं निकाल सकते।" उन्होंने बच्चों से कहा कि वे क्लास में जाएँ, वे विनय सर से बात करेंगे।

कमरे से निकलते हुए उन बच्चों को पहली बार समझ आया कि "सबसे अच्छा टीचर" होने का मतलब कभी-कभी यह भी होता है कि उससे सवाल पूछने की जगह नहीं बचती।

अगले दिन से विनय सर बच्चों को सीट पर बैठाकर पढ़ाने लगे। लैब वाली मदद बंद हो गई। पर रिया के मन में एक डर बैठ चुका था। उस दिन के बाद गणित के जितने भी पेपर हुए, सबसे कम नंबर रिया के आए। वह कुछ भी लिखती, सर उसे काट देते। जो बच्ची कभी रटकर पास हो जाती थी, अब सही जवाब लिखकर भी फ़ेल होती रही।

आज

एक शिक्षक का दायित्व है कि वह बच्चों को सही और ग़लत समझाए। पर जब वही ग़लत करने लगे, तो बच्चे सही चीज़ कैसे चुनेंगे? जब एक शिक्षक अपनी ताक़त का नाजायज़ फ़ायदा उठाएगा, तो बच्चे मज़बूत कैसे बनेंगे? और जब स्कूल ऐसे शिक्षक को बचा ले, तो बाक़ी बच्चे क्या सीखेंगे? यही कि जो शिकायत करता है, वह अकेला रह जाता है।

समाज को सही ढंग से बनाने और नियमों पर चलाने में शिक्षक और वर्दी वाले की अहम भूमिका होती है। पर हमने ऐसी दो घटनाएँ देखीं, जहाँ एक पुलिस अधिकारी और इस कहानी में एक शिक्षक अपनी ताक़त का ग़लत इस्तेमाल करते हैं और कमज़ोरों का शोषण करते हैं।

आज रिया बड़ी हो चुकी है और अपनी ज़िंदगी के एक नए मोड़ पर खड़ी है। और विनय सर आज एक स्कूल के प्रिंसिपल हैं।

कभी-कभी जो डर एक बच्ची के मन में बैठ जाता है, वह उम्र के साथ जाता नहीं, बस रूप बदल लेता है।

क्या अगर सही समय पर सही दंड दिया गया होता, तो आज कुछ और होता?

एक और कहानी पढ़ें

आपकी कहानी भी यहाँ हो सकती है

किसी को यह जानने की ज़रूरत हो सकती है कि वह अकेला नहीं है।

अपना अनुभव अपने शब्दों में साझा करें। आप चाहें तो अपना नाम गुप्त रख सकते हैं।

अपनी कहानी बताएँ

कहानियों से जुड़े रहें

एक नई कहानी, सीधे आपके inbox में।

हर मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को अपने inbox में एक नई कहानी पाएँ।

अगर यह कहानी आपके साथ रह गई

यह कहानी साझा करें:

लेखक को एक निजी संदेश भेजें

आपका संदेश निजी रहेगा और सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं देगा।