प्यार
चार्ट पेपर पर लिखा वादा
बचपन का प्यार बेशर्त होता है, पर उसमें लिए गए फ़ैसले बेशर्त नहीं होते। छठी कक्षा में शुरू हुई एक कहानी, जो एक चार्ट पेपर पर लिखे वादे पर आकर रुकी, जिसके अक्षर किसके थे, यह आज कोई नहीं बता सकता।
वास्तविक कहानी, बदले हुए नाम
जब हम सही और ग़लत से ऊपर उठकर वह करने लगते हैं जो मन करता है, तो ज़िंदगी कितनी ख़ुशहाल लगने लगती है। बचपन में तो पता ही नहीं होता कि सही क्या है और ग़लत क्या। हम बस वही करते जाते हैं जो हमारा मन कर रहा होता है। और अगर उसी बचपने में किसी को किसी से प्यार हो जाए तो?
बड़े होकर पता चलता है कि बचपन का प्यार बेशर्त होता है। उस वक़्त हर रिश्ता सच्चा लगता है, और लगता है कि वह इंसान न सिर्फ़ इस जन्म में, बल्कि अगले सातों जन्मों तक साथ नहीं छोड़ेगा। तब हमें बस वही चाहिए होता था जो हमें पसंद था, वह नहीं जो हमारे लिए अच्छा था।
ठीक ऐसा ही हुआ इस कहानी के किरदार के साथ। यह कहानी है पूर्वी उत्तर प्रदेश के एक शहर में रहने वाले अभिषेक की।
नई लड़की
अभिषेक छठी कक्षा में पढ़ता था। हर दिन की तरह उस दिन भी वह तैयार होकर स्कूल बस में बैठा और स्कूल पहुँच गया। उसे नहीं पता था कि उसकी ज़िंदगी बदलने वाली है।
स्कूल पहुँचते ही दोस्तों ने बताया कि आज उनकी क्लास में एक नई लड़की ने दाख़िला लिया है। अभिषेक बहुत शर्मीला लड़का था। दोस्तों के साथ मज़े करता, लड़कियों की तरफ़ देखता तक नहीं। जब दोस्तों ने इशारा करके बताना चाहा कि नई लड़की कौन है, तो उसने उन्हें रोक दिया, "हमें क्या मतलब किसी से भी।" वह अपनी ही दुनिया में मस्त था, और उस दुनिया में बस उसके दोस्त थे। इसी वजह से क्लास के कई बच्चे उसे घमंडी और अकड़ू कहते थे।
उस लड़की का नाम सलोनी था। वह एक बहुत अच्छे, नामी स्कूल से पढ़कर आई थी, और उसका दिमाग़ तेज़ था।
तीन धुरंधर
क्लास में दो और बच्चे थे जो इस कहानी में अहम हैं: अंशिका और दिव्यांश। दिव्यांश अभिषेक का अच्छा दोस्त था और हमेशा क्लास में पहले नंबर पर आता था। अब अभिषेक, सलोनी और दिव्यांश, क्लास के इन तीन धुरंधरों के बीच मुक़ाबला शुरू हो गया: टीचर के सवाल का जवाब सबसे पहले कौन देता है, और इस बार पहला नंबर किसका आता है?
अभिषेक अपने आसपास के लोगों का बहुत ध्यान रखता था, शायद इसी वजह से वह सबका पसंदीदा बन जाता था। इसी मुक़ाबले के बीच, पता नहीं कब और उसकी कौन-सी बात देखकर, सलोनी उसे पसंद करने लगी।
अब हाज़िरी के वक़्त जब भी अभिषेक का नाम पुकारा जाता, सलोनी की नज़र उसे ढूँढने लगती। और जब कभी अभिषेक की नज़र सलोनी पर पड़ती, वह तुरंत नज़रें हटा लेती। धीरे-धीरे यह बात पूरी क्लास को पता चल गई। सब सलोनी को अभिषेक के नाम से चिढ़ाने लगे, और अभिषेक भी इससे बच नहीं पाया। उसके दोस्त सलोनी का नाम लेकर उसे परेशान करने लगे। यह उसे अच्छा नहीं लगता था, क्योंकि उसे अंशिका अच्छी लगती थी। यह बात उसके सारे दोस्तों को पता थी। बात धीरे-धीरे टीचरों तक भी पहुँच गई, और वे भी उसे सलोनी के नाम से छेड़ने लगे। अभिषेक को सोशल साइंस बहुत पसंद था, और उस क्लास में हँसी के बीच भी वह उसी में डूबा रहता।
पर अभिषेक को पता था कि उसे बस एक ही रिश्ता बनाना है, और उसी से शादी करनी है। और यह भी कि सलोनी दूसरी जाति की है, और उसके घरवाले दूसरी जाति की लड़की को कभी अपनी बहू नहीं बनने देंगे। अंशिका उसी की जाति की थी। यह एक बच्चे की सोच थी, पर उसने वही सीखा था जो उसके आसपास की दुनिया उसे सिखा रही थी।
नौवीं कक्षा
जब वह नौवीं में आया, तो उसने अंशिका को अपने दिल की बात बता दी। अंशिका ने जवाब में बस इतना कहा कि वह किसी रिश्ते के बारे में दसवीं में सोचेगी।
उधर सलोनी को पता चल चुका था कि अभिषेक अंशिका को पसंद करता है, उसे नहीं। इस बात ने उसके मन में अंशिका के लिए इतना ज़हर भर दिया कि वह सीधे अंशिका के पास गई और बोली, "तुम अभिषेक से दूर चली जाओ। तुम उसे ख़ुश नहीं रख पाओगी। वह सिर्फ़ मेरे साथ ख़ुश रहेगा।"
अभिषेक इन बातों से अनजान था। उसे बस इतना पता था कि दोनों में आपस में बातचीत नहीं होती। सलोनी और उसकी सहेलियों के कहने पर अंशिका ने अभिषेक से झगड़ा किया और उसे ख़ुद से दूर कर दिया।
इसी बीच अभिषेक को पता चला कि सलोनी ने उसकी वजह से ख़ुद को चोट पहुँचाई है। वह डर गया, और ग़ुस्सा भी हुआ। वह इतना बड़ा नहीं था कि समझ पाता कि ऐसा बोझ अकेले नहीं उठाया जाता, और उसके आसपास कोई ऐसा था भी नहीं जिसे वह बता सके। उसने सलोनी को समझाने की कोशिश की कि वे दोनों साथ में ख़ुश नहीं रह पाएँगे। पर सलोनी अड़ी रही कि वह अभिषेक को पाकर रहेगी।
फिर अंशिका किसी और के साथ रिश्ते में आ गई। इस बात से ग़ुस्से और चोट में अभिषेक ने सलोनी को हाँ कह दी, और दोनों साथ आ गए।
दिव्यांश ने उससे पूछा, "तूने उसे हाँ क्यों कहा? तुझे तो अंशिका पसंद थी।"
अभिषेक ने कंधे उचका दिए। "अब इससे फ़र्क़ नहीं पड़ता।"
चार्ट पेपर
दोनों साथ में ऐसे हो गए जैसे उन्हें कोई अलग कर ही नहीं सकता। अभिषेक के जन्मदिन पर सलोनी ने उसे दो घड़ियाँ दीं, और एक चार्ट पेपर पर बड़े-बड़े अक्षरों में लिखकर दिया कि वह उससे कभी दूर न जाए। दोनों में इतना लगाव था कि उनकी हैंडराइटिंग तक देखकर कोई नहीं बता पाता था कि कौन-सी लाइन किसने लिखी है।
पर अभिषेक के मन में पहले दिन से एक डर था। और वही हुआ।
एक साल तक दोनों बहुत ख़ुश रहे। फिर किसी छोटी-सी बात पर दोनों में लड़ाई हो गई। सलोनी ने बार-बार अभिषेक को मैसेज किए, माफ़ी माँगी, कहा कि वह दोबारा ऐसी ग़लती नहीं करेगी और अभिषेक के बिना नहीं रह सकती। पर अभिषेक के दिल पर बात लग गई थी। वह सलोनी को देखना भी नहीं चाहता था। बोर्ड परीक्षा से कुछ ही दिन पहले दोनों अलग हो गए।
रिज़ल्ट आने के बाद दोनों ने अलग-अलग जगहों पर दाख़िला लिया और ज़िंदगी में आगे बढ़ गए।
आज
आज सब अपनी-अपनी ज़िंदगी में ख़ुश हैं। सलोनी लड़कियों को सिलाई का काम सिखाती है। अभिषेक ने एक प्राइवेट कॉलेज से बीटेक किया और अब अपनी कंपनी खड़ी करने में लगा है। दिव्यांश भी प्राइवेट कॉलेज से बीटेक करके नौकरी कर रहा है। अंशिका ने देश के एक टॉप सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज से बीटेक किया और एक अच्छी कंपनी में काम कर रही है।
पर अभिषेक को उस ग़लती का मलाल आज भी है, उस दिन ग़ुस्से में कही गई एक "हाँ" का। सलोनी या अंशिका को कोई मलाल है या नहीं, यह उसे नहीं पता।
उसे आज तक सच्चा प्यार नहीं मिला। और अब उसके मन में यह बैठ चुका है कि प्यार जैसी कोई चीज़ होती ही नहीं।
फिर भी, जब वह उस चार्ट पेपर के बारे में सोचता है, तो आज तक यह नहीं बता पाता कि उस पर लिखे अक्षर उसके थे या सलोनी के।
एक और कहानी पढ़ें
जब इंतज़ार छोड़ दिया, तब वो आया
काल्पनिक / कई अनुभवों पर आधारित
दो अनाथ, दो अलग-अलग शहर के कोने, और एक ही वादा: किसी से मदद नहीं माँगेंगे, किसी को बुरा नहीं कहेंगे। फिर एक दिन एक दरवाज़ा खुला, और पहली बार किसी ने आलोक से पूछा कि उसे प्यास लगी है या नहीं।
Read in English →सौ में सत्रह
वास्तविक कहानी, बदले हुए नाम
शिक्षक को भगवान का रूप माना जाता है। पर जब नंबर देने की ताक़त रखने वाला शिक्षक उसी ताक़त से एक बच्ची को डराने लगे, और स्कूल उसे सबसे अच्छा टीचर कहकर बचा ले, तब क्या होता है? एक सच्ची घटना, जिसमें नाम बदले गए हैं। सूचना: इस कहानी में एक बच्ची के साथ शिक्षक द्वारा किए गए उत्पीड़न का ज़िक्र है।
Read in English →आपकी कहानी भी यहाँ हो सकती है
किसी को यह जानने की ज़रूरत हो सकती है कि वह अकेला नहीं है।
अपना अनुभव अपने शब्दों में साझा करें। आप चाहें तो अपना नाम गुप्त रख सकते हैं।
अपनी कहानी बताएँकहानियों से जुड़े रहें
एक नई कहानी, सीधे आपके inbox में।
हर मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को अपने inbox में एक नई कहानी पाएँ।
अगर यह कहानी आपके साथ रह गई
यह कहानी साझा करें:
लेखक को एक निजी संदेश भेजें
आपका संदेश निजी रहेगा और सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं देगा।