Skip to content
Unnoticedlives.
सभी नज़रें देखें

जो कोई नहीं पूछता

रावण सिर्फ़ पुतले में नहीं था

पहली बार रावण दहन देखने गए दो दोस्तों ने भीड़ में कुछ ऐसा देखा, जिसे सोचकर वे आज भी सहम जाते हैं। पुतला साल में एक बार जलता है, पर असली रावण कहाँ-कहाँ खड़ा है?

Unnoticed Lives Editorial · October 27, 2026 · 3 मिनट पढ़ने में

सच्ची कहानी, नाम बदले गए हैं

Read in English →

ज़िंदगी में पहली बार रावण दहन देखने की ख़ुशी ने चौबीस घंटे पहले ही आँखों से नींद छीन ली थी। सुबह हुई, फिर शाम का इंतज़ार शुरू हुआ, और उस बीच मैंने अपना सारा काम निपटा लिया। छह बजते ही कपड़े पहनकर तैयार हो गया और दोस्त को साथ ले जाने के लिए उसके कमरे पर पहुँच गया।

उसे तैयार होने में अभी वक़्त था, तो मैं बालकनी में खड़ा होकर आते-जाते लोगों को देखने लगा। उस शाम की बात ही अलग थी। ज़्यादातर लोग ऐसे सजे-धजे निकल रहे थे जैसे किसी उत्सव में जा रहे हों, और उनमें से बहुतों की मंज़िल एक ही थी: मेला।

दोस्त तैयार हुआ और हम दोनों निकल पड़े। रास्ते में उसने बताया कि उसके एक दोस्त ने कुछ देर पहले फ़ोन करके कहा था कि वहाँ बहुत भीड़ है, इसलिए वह नहीं जा रहा। सुनकर एक पल को मन में उदासी के बादल छा गए। फिर मैंने ख़ुद को समझाया कि आज नहीं देख पाए तो किसी और मेले में देख लेंगे।

आगे बढ़े तो भीड़ दिखी, पर जितना डर था, उससे कम। हम जल्दी-जल्दी भीड़ को पार करके उस गेट तक पहुँचे जहाँ से अंदर जाना था। मेला बड़ा था, और मन तो सबका करता है मेला देखने का, इसलिए लोग छोटे-छोटे बच्चों को भी साथ ले आए थे। मेरे पास ही दो बच्चे अपने माता-पिता के साथ आए थे। धक्का-मुक्की में वे एक-दूसरे से बिछड़ने लगे। हमने रुककर दोनों बच्चों को एक तरफ़ किया, जहाँ उनके माता-पिता खड़े थे।

रावण के पुतले के पास पहुँचे तो पता चला कि अभी देर है। आठ बज चुके थे। खाना खाने के लिए कमरे पर लौटना था, और मन में एक डर भी था कि कहीं खाते-खाते दहन ख़त्म न हो जाए और फिर इंतज़ार करना पड़े। यही सोचते हुए हम निकल आए, कमरे पर खाना खाया और वापस मेले की ओर चल दिए।

अब भीड़ बढ़ चुकी थी, और हम धीरे-धीरे अंदर की ओर बढ़ रहे थे। तभी हमारे सामने एक घटना घटी, जिसे सोचकर हम आज भी सहम जाते हैं।

दो लड़कियाँ, लगभग सत्रह-अठारह साल की, एक-दूसरे का हाथ पकड़े मेले के अंदर जा रही थीं। भीड़ में कुछ लोग ऐसे भी थे जो रावण दहन या मेला देखने नहीं आए थे। उनका मक़सद भीड़ का फ़ायदा उठाकर लड़कियों और औरतों को ग़लत तरीक़े से छूना था। हम थोड़ा ही आगे बढ़े थे कि पीछे से फिर कोई धक्का देने लगा। बीच में एक पुलिस अधिकारी खड़ा था, जिसका फ़र्ज़ भीड़ को सँभालना था। जैसे ही वे लड़कियाँ थोड़ा आगे बढ़ीं, उसने अपने हाथ फैलाए और उनमें से एक लड़की को ग़लत तरीक़े से छू लिया।

न वह लड़की समझ पाई कि उसके साथ क्या हुआ, और न मैं यह समझ पाया कि जिस पुलिस अधिकारी का फ़र्ज़ जनता की सेवा करना और उसे सुरक्षित रखना है, वही अगर भक्षक बन जाए, तो लोगों को कौन बचाएगा। पीछे से इतना तेज़ धक्का आया कि सब एक-दूसरे से बिछड़कर अलग-अलग दिशाओं में बह गए।

वह दृश्य आज भी झकझोर देता है। और ऐसी घटनाएँ सिर्फ़ उसी एक लड़की तक सीमित नहीं थीं। वहाँ ऐसे बहुत-से लोग थे, और बहुत-सी मजबूर लड़कियाँ, जिन्हें मेला देखने जैसी छोटी-सी चीज़ के लिए इतनी बड़ी क़ीमत चुकानी पड़ी।

हम हर साल दशहरे पर रावण का पुतला जलाते हैं, पर जब बात अपने भीतर के रावण को मारने की आती है, तो हम यह मानने से भी इनकार कर देते हैं कि हमारे अंदर कोई रावण है। अगर इस समाज को रामराज्य बनाना है, तो साल में एक दिन एक पुतला जलाने से कुछ नहीं होगा। अपने भीतर का रावण ख़त्म करना होगा। वरना पीड़ित और शोषण करने वाले बदलते रहेंगे, ये घटनाएँ नहीं।

एक और नज़र पढ़ें

सच्ची कहानी, नाम बदले गए हैं

Identity3 मिनट पढ़ने में

हमने तो तुम्हें पूरी आज़ादी दी है

दोस्त की शादी में जाने की बात बताते ही जवाब आया, "नहीं जाना है।" और बाद में वही आवाज़ कहती है, "हमने तो तुम्हें पूरी आज़ादी दी है।" एक छोटा-सा दृश्य, और एक सवाल: क्या आज़ादी देने की चीज़ है?

पूरी नज़र पढ़ें →

सच्ची कहानी, नाम बदले गए हैं

Identity5 मिनट पढ़ने में

क्या सच में लड़कियों की ज़िंदगी आसान होती है?

कुछ लोग मानते हैं कि लड़कियों की ज़िंदगी लड़कों से आसान होती है। पर तुलना करते समय हम वही देखते हैं जो हमें आसान लगता है, और अपने अवसर भूल जाते हैं। यह लेख उन बोझों के बारे में है जिन्हें हम गिनते ही नहीं।

पूरी नज़र पढ़ें →

सच्ची कहानी, नाम बदले गए हैं

Starting Again3 मिनट पढ़ने में

वो आदमी, जो सबके साथ स्ट्रेचिंग कर रहा था

सुबह पार्क में एक लंबा, तंदुरुस्त आदमी टहल रहा था, जिसके पास सिर्फ़ एक हाथ था। उसके अतीत का जवाब हमें कभी नहीं मिलेगा, पर अगली सुबह वह सबके साथ स्ट्रेचिंग कर रहा था।

पूरी नज़र पढ़ें →

आपकी कहानी भी यहाँ हो सकती है

किसी को यह जानने की ज़रूरत हो सकती है कि वह अकेला नहीं है।

अपना अनुभव अपने शब्दों में साझा करें। आप चाहें तो अपना नाम गुप्त रख सकते हैं।

अपनी कहानी बताएँ

कहानियों से जुड़े रहें

एक नई कहानी, सीधे आपके इनबॉक्स में।

हर मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को अपने इनबॉक्स में एक नई कहानी पाएँ।

अगर यह कहानी आपके साथ रह गई

यह कहानी साझा करें:

लेखक को एक निजी संदेश भेजें

आपका संदेश निजी रहेगा और सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं देगा।