जो कोई नहीं पूछता
क्या सच में लड़कियों की ज़िंदगी आसान होती है?
कुछ लोग मानते हैं कि लड़कियों की ज़िंदगी लड़कों से आसान होती है। पर तुलना करते समय हम वही देखते हैं जो हमें आसान लगता है, और अपने अवसर भूल जाते हैं। यह लेख उन बोझों के बारे में है जिन्हें हम गिनते ही नहीं।
सच्ची कहानी, नाम बदले गए हैं
अक्सर हमारे आसपास, ख़ासकर पुरुषों में, ऐसे लोग मिल जाते हैं जो मानते हैं कि लड़कियों की ज़िंदगी लड़कों से आसान होती है।
इसकी जड़ में एक आदत है जो हम सब में कम-ज़्यादा होती है। जब हम दूसरों से अपनी तुलना करते हैं, तो उनकी ज़िंदगी में हमें बस वही दिखता है जो उन्हें आसानी से मिला लगता है। और असल में आसानी से मिला भी है या नहीं, इसका हमें पक्का पता नहीं होता; हमें बस ऐसा लगता है, और हम मान लेते हैं। जब अपनी ज़िंदगी में झाँकने की बात आती है, तो हमें उसमें सिर्फ़ मुश्किलें और परेशानियाँ दिखती हैं। जो अवसर हमें मिले थे या मिले हैं, वे दिखना बंद हो जाते हैं।
हम दूसरों की मुश्किलें और अपने अवसर शायद इसलिए नहीं देखना चाहते कि इससे हमारे अहंकार को ठेस पहुँचेगी। अपने अहम को बचाने के लिए हम वही मान लेते हैं जो हमारा दिमाग़ हमसे कहता है। जो लोग मानते हैं कि लड़कियों की ज़िंदगी आसान है, वे भी यही कर रहे होते हैं।
बहुत लंबे समय तक यह समाज पुरुषप्रधान रहा है, जहाँ आदमी को ही सबकुछ माना गया। आज भी बहुत-से लोगों के मन में यह अहम बैठा है कि आदमी सर्वश्रेष्ठ है। जिस दिन वे यह सच देखेंगे कि लड़कियों और औरतों ने बिना किसी सहारे के भी क्या-क्या हासिल किया है, उस दिन यह अहंकार टूट जाएगा।
जो दिखता है
लड़कियों को कितनी परेशानियाँ उठानी पड़ती हैं, यह शायद उन लोगों को पता ही नहीं होता। जब खेलने-कूदने की उम्र होती है, तब कई लड़कियों को माहवारी का दर्द झेलना पड़ता है। किसी के लिए यह दर्द हल्का होता है, किसी के लिए बहुत तेज़। भारत में हुए अलग-अलग अध्ययनों में माहवारी के दर्द की शिकायत करने वाली महिलाओं का आँकड़ा क़रीब एक-तिहाई से लेकर लगभग अस्सी प्रतिशत तक मिलता है। और आमतौर पर यह सिलसिला 45-55 की उम्र तक, हर महीने कुछ दिनों के लिए, चलता रहता है। फिर नौ महीने बच्चे को कोख में रखना, और उसे जन्म देने का दर्द, जिसे पुरुष शायद कभी पूरी तरह समझ ही नहीं सकते।
जो नहीं दिखता
कुछ चीज़ें ऐसी भी हैं जो उनके साथ होती हैं और हमें पता नहीं होतीं। जैसे भीड़ का फ़ायदा उठाकर उन्हें ज़बरदस्ती छूना, या और भी तरीक़ों से उनका शोषण।
अब भी बहुत-सी लड़कियाँ हैं जिनका मन पढ़ने का होता है, ज़िम्मेदारी सँभालने का, ख़ुद को आज़ाद करने का। पर उन्हें वह अवसर ही नहीं दिया जाता। एक स्तर की पढ़ाई कराकर उनकी शादी कर दी जाती है। कई लड़कियों को घर और बाहर, दोनों की ज़िम्मेदारी सँभालनी पड़ती है। शादी तक एक घर में रहना, उसे अपना सब कुछ मान लेना, फिर शादी के नाम पर उसे छोड़कर चले जाना, और बाक़ी की ज़िंदगी एक ऐसे घर में बिताना जो शायद कभी पूरी तरह आपका नहीं होगा, क्या यह सब आसान है? और बहुत-सी लड़कियाँ शादी के बाद चाहकर भी अपनी मर्ज़ी से अपने माँ-बाप से मिलने नहीं जा पातीं।
आँकड़े क्या कहते हैं
सरकार के टाइम यूज़ सर्वे (2024) के अनुसार, छह साल से ऊपर की 81.5 प्रतिशत महिलाएँ बिना वेतन के घरेलू कामों में लगी थीं, जबकि पुरुषों में यह आँकड़ा 27.1 प्रतिशत था। जो इन कामों में लगे थे, उनमें महिलाओं ने रोज़ औसतन 289 मिनट इस पर लगाए और पुरुषों ने 88 मिनट।
यह कहना ग़लत होगा कि पुरुषों पर बोझ नहीं होता। उसी सर्वे में रोज़गार से जुड़े कामों में पुरुषों ने औसतन 473 मिनट लगाए और महिलाओं ने 341 मिनट। कमाने का दबाव, परिवार की उम्मीदें, ये सब असली हैं। फ़र्क़ यह है कि एक बोझ को हम काम कहकर गिनते हैं, और दूसरे को अक्सर "फ़र्ज़" कहकर गिनते ही नहीं।
ज़िंदगी किससे आसान बनती है
ज़िंदगी किसी की शुरू से आसान या मुश्किल नहीं होती; इंसान अपने चुनावों से उसे आसान या मुश्किल बनाता है। पर यह तभी सच है जब चुनने का मौक़ा मिले। और बहुत-सी लड़कियों को वह मौक़ा ही नहीं दिया जाता।
अंग्रेज़ी में एक मशहूर वाक्य है, "Pressure is a privilege", जो टेनिस की दिग्गज बिली जीन किंग का कहा हुआ है। इसे अक्सर इस तरह समझा जाता है कि ज़िम्मेदारी इंसान को मज़बूत बनाती है। पर ज़िम्मेदारी तभी मज़बूत बनाती है जब उसके साथ अपना रास्ता चुनने की आज़ादी भी हो।
शायद यह विचार किसी की सोच बदलने के लिए काफ़ी न हो, पर यह उसे सोचने पर मजबूर ज़रूर कर देगा। अपने घर में देखिए कि आपकी माँ, बहनें, बेटी, पत्नी हर दिन कितना त्याग करती हैं और कितनी मुश्किलों का सामना करती हैं।
समाज धीरे-धीरे बदल रहा है, पर पूरी तरह आज़ाद होने में उसे अभी और वक़्त लगेगा। तब तक हम ख़ुद से शुरुआत कर सकते हैं, एक ऐसे समाज की जिसमें एक लड़की ख़ुद को क़ाबिल, सुरक्षित और ज़िम्मेदार समझ सके और आगे बढ़ सके। जब तक ऐसा नहीं होता, कोशिश कीजिए कि उनकी तकलीफ़ें थोड़ी कम हों।
आदमी और औरत एक सिक्के के दो पहलू हैं। एक के बिना दूसरा अधूरा है। उन्हें संपूर्ण महसूस कराइए, बोझ नहीं।
एक और नज़र पढ़ें
सच्ची कहानी, नाम बदले गए हैं
हमने तो तुम्हें पूरी आज़ादी दी है
दोस्त की शादी में जाने की बात बताते ही जवाब आया, "नहीं जाना है।" और बाद में वही आवाज़ कहती है, "हमने तो तुम्हें पूरी आज़ादी दी है।" एक छोटा-सा दृश्य, और एक सवाल: क्या आज़ादी देने की चीज़ है?
पूरी नज़र पढ़ें →
सच्ची कहानी, नाम बदले गए हैं
रावण सिर्फ़ पुतले में नहीं था
पहली बार रावण दहन देखने गए दो दोस्तों ने भीड़ में कुछ ऐसा देखा, जिसे सोचकर वे आज भी सहम जाते हैं। पुतला साल में एक बार जलता है, पर असली रावण कहाँ-कहाँ खड़ा है?
पूरी नज़र पढ़ें →
सच्ची कहानी, नाम बदले गए हैं
वो आदमी, जो सबके साथ स्ट्रेचिंग कर रहा था
सुबह पार्क में एक लंबा, तंदुरुस्त आदमी टहल रहा था, जिसके पास सिर्फ़ एक हाथ था। उसके अतीत का जवाब हमें कभी नहीं मिलेगा, पर अगली सुबह वह सबके साथ स्ट्रेचिंग कर रहा था।
पूरी नज़र पढ़ें →
आपकी कहानी भी यहाँ हो सकती है
किसी को यह जानने की ज़रूरत हो सकती है कि वह अकेला नहीं है।
अपना अनुभव अपने शब्दों में साझा करें। आप चाहें तो अपना नाम गुप्त रख सकते हैं।
अपनी कहानी बताएँकहानियों से जुड़े रहें
एक नई कहानी, सीधे आपके इनबॉक्स में।
हर मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को अपने इनबॉक्स में एक नई कहानी पाएँ।
अगर यह कहानी आपके साथ रह गई
यह कहानी साझा करें:
लेखक को एक निजी संदेश भेजें
आपका संदेश निजी रहेगा और सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं देगा।